Showing posts with label Perls Group Scam. Show all posts
Showing posts with label Perls Group Scam. Show all posts

Saturday, October 6, 2012

पीएसीएल का 7000 करोड़ का घोटाला - भाग 3

पीएसीएल के घोटालों के सिलसिले में स्कैम्सलीक की जांच का दायरा और आगे बढ़ाते हुए हम चलते हैं इस घोटाले की एक और परत खोलने के लिए।

स्कैम्सलीक की जांच में सामने आया है कि यह कंपनी खुद ही झूठ बोलती है। कंपनी के दस्तावेजों की पड़ताल में सामने आया है कि 26 मार्च 2012 को जारी पीएसीएल के सीए की रपट के मुताबिक कंपनी का दावा है कि उसके पास पूरे देश में 44 लाख प्रतिनिधि हैं जो उसके लिए काम करते हैं।

सवाल यह उठता है कि आखिरकार एक कंपनी को इतने प्रतिनिधियों की जरूरत ही आखिरकार क्यों पड़ती है। एलआईसी जैसी विशाल कंपनी पास भी इतनी ब़ड़ी तादाद में एजंटों की फौज नहीं है, जबकि वह तो सीधे तौर पर बीमा बेचने के कारोबार में है। कंपनी यह भी दावा करती है कि उसके पास कुल 444 लाख भूखंडधारक हैं। कंपनी का दस्तावेज यह भी दावा करता है कि उसके पास पूरे देश में कुल 4 लाख एकड़ जमीन है।

आरोपी कंपनी का यह भी दावा है कि वो अपने भूखंडधारकों को कम से कम 150 वर्ग गज का भूखंड बेचती है।

सवाल उठता है कि जब यह कंपनी भूखंड बेचती है तो फिर उसके पास भूखंड इतनी बड़ी मात्रा में कैसे आते हैं। यदि वह भूखंड नहीं बेचती है, और उसके नाम पर बस लोगों के पैसे अपने पास रख कर कुछ समय बाद बढ़ी रकम वापस करती है तो यह एक तरह से एफडी ही हो गई, और सेबी के नियमों से खुद को बचाने के लिए कंपनी भूखंड बेचने का ढोंग करती है।

पीएसीएल का झूठ कैसे पकड़ में आता है, यह आपको इसी से समझ आ जाएगा कि कंपनी के दावे के मुताबिक 150 वर्ग गज के भूखंड अपने भूखंडधारकों को देने की बात करती है तो 444 लाख लोगों को देने के लिए कुल मिला कर उसके पास 666 करोड़ वर्ग गज जमीन होनी चाहिए। याने कि 1,37,60.438.08 एकड़ जमीन की मिल्कियत होनी चाहिए। 31 मार्च 2010 तक कंपनी के दस्तावेजों के मुताबिक कुल 68.90 करोड़ वर्ग गज जमीन ही उसके लैंड बैंक का हिस्सा थी। इस तरह कंपनी का यह दावा भी कई सवाल खड़े करता है।

Friday, September 28, 2012

पीएसीएल का 7000 करोड़ का घोटाला - भाग 2

पीएसीएल एक ऐसी कंपनी है जिसका कारोबार बताया जाता है हजारों करोड़ में, पीएसीएल एक ऐसी कंपनी है जो बताती है कि उसके पास हजारों एकड़ जमीन है, पीएसीएल एक ऐसी कंपनी है जो बताती है कि उसके पास सैंकड़ों करोड़ रुपए की संपत्ति है... लेकिन मजेदार तथ्य यह है कि इस कंपनी को महज 17.40 करोड़ रुपए का कर्ज एक बैंक से लेना पड़ता है।

स्कैम्सलीक की जांच में यह पता चला है कि पीएसीएल कंपनी ने 17.40 करोड़ रुपए का कर्ज 29 मार्च 2010 को पंजाब नेशनल बैंक से लिया था।

स्कैम्सलीक के विशेषज्ञों की राय है कि इस कंपनी ने कथित तौर पर भूखंड बेचने के नाम पर जो 20,035.72 करोड़ रुपए की कमाई आम जनता से की है, वह पूरी तरह से जनता का निवेश भर है। कंपनी के खातों की पड़ताल से जानकारी मिलती है कि खातों में 10,076.87 करोड़ रुपयों की जमीन है लेकिन यह सारी की सारी विवादित बताई गई है।

स्कैम्सलीक के पास जो दस्तावेज मौजूद हैं, उनके मुताबिक कंपनी के खाते यह साफ करते हैं कि उसका कारोबार घाटे में चल रहा है। कंपनी का कारोबार चूंकि सही नहीं चल रहा है और उसके पास इतना भी पैसा नहीं है कि वे जमीनों का विकास कर सकें इसके कारण ही उसे बैंक से कर्ज लेने पर मजबूर होना पड़ा है।

इस एकमात्र छोटी सी बात से यह साफ हो जाता है कि कंपनी किस कदर झूठ और फरेब का सहारा लेकर तमाम निवेशकों को बेवकूफ बना रही है। स्कैम्सलीक परत दर परत इस फरेबी कंपनी के झूठ के तारों से बुने जाल के हर हिस्से को तार-तार कर देगा और हजारों निवेशकों के गाड़े पसीने की कमाई को बचाने के महती यज्ञ में अपनी भी एक हवि डालेगा।

Friday, September 21, 2012

पीएसीएल का 7000 करोड़ का घोटाला - भाग 1


पीएसीएल नामक एक चिटफंड कंपनी है जो पिछले काफी समय से अपने निवेशकों को तो बेवकूफ बना ही रही है, भारत सरकार की भी तमाम एजंसियों की आंखों में धूल झोंक रही है। इस कंपनी ने पिछले कुछ अरसे में जो घोटाला किया है, उसकी जानकारी सबको है। लेकिन एक बात जो निवेशक नहीं जानते हैं, वो ये है कि इस कंपनी ने अपने घोटालों पर परदा डालने के लिए कई तरह के प्रपंच रचे हैं।

इस कंपनी की हरकतों का पर्दाफाश करने के लिए स्कैम्सलीक ने इस कंपनी के बहुत सारे दस्तावेज हासिल कर विशेषज्ञों की मदद से खंगाले हैं। इन दस्तावेजों से यह साफ हो जाता है कि इस कंपनी ने तकरीबन 7000 करोड़ रुपए का घोटाला किया है।

यह कंपनी बताती है उस पर सेबी के नियम कायदे लागू नहीं होते हैं, यह भी बताती है कि उस पर इरडा के नियमों का पालन करने की बाध्यता भी नहीं है। लेकिन सच तो यह है कि जिस तरह का कामकाज यह कंपनी करती है, वह पूरी तरह से इन रेगुलेटरी बाडीज के नियमों के तहत ही आता है। इस बारे में विशेषज्ञों की राय यही है कि इस कंपनी ने बड़े पैमाने पर अपनी ही कंपनी के अंदर ऐसे गोलमाल किए हैं, जिनके बाहर आने पर इस कंपनी का कामकाज पूरी तरह से ठप्प हो जाएगा। 

इस कंपनी के कुछ एजंटों, फील्ड आफीसरों से बात करने और उनके इंटरव्यू करने पर यह साफ हो गया है कि कंपनी पूरी तरह से एलएमएल कंपनियों की तरह ही काम कर रही है। इतना ही नहीं, इस कंपनी द्वारा अपनी कथित भूखंड बेचने की व्यवस्था भी बैंक की तरह ही एफडी और आरडी बेचने के नाम पर ही होती है।

हमारी जांच में यह सामने आया है कि इस कंपनी के जितने भी एजंट जब भी कोई भूखंड बेचने की बात करते हैं तो  वे यह नहीं कहते हैं कि जमीन का टुकड़ा बेच रहे हैं, वे यही कहते हैं कि आरडी या एफडी की स्कीम दे रहे हैं। इसका साफ मतलब यही है कि यह कंपनी अपने एजंटों को यही सिखाती है कि वे भोले-भाले निवेशकों को एफडी और आरडी के नाम से बेवकूफ बनाएं। स्कैम्सलीक अब एक के बाद एक इस कंपनी के तमाम राज फाश करेगा। बस इंतजार कीजिए अगली कड़ी का।